नोएडा।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को एयरोड्रोम लाइसेंस मिलने के बाद अब उसकी कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन के विस्तार के तहत तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक नई मेट्रो लाइन का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के जरिए भविष्य में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
सरकार की योजना एयरपोर्ट को मेट्रो, एक्सप्रेसवे और सड़क मार्ग के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ आसपास के प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों से जोड़ने की है, जिससे यात्रियों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
कालिंदी कुंज से दिल्ली एयरपोर्ट तक आसान होगी यात्रा
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन का मूल रूट एरोसिटी से तुगलकाबाद तक प्रस्तावित था, जिसे अब आगे बढ़ाकर कालिंदी कुंज तक किया जा रहा है। इससे नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस लाइन के जरिए एरोसिटी मेट्रो स्टेशन से सीधे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। साथ ही बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर मर्जेंटा लाइन से इंटरचेंज के जरिए नोएडा और दिल्ली के कई क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
तीन नए मेट्रो स्टेशन बनेंगे
दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए के तहत कालिंदी कुंज से तुगलकाबाद तक करीब तीन किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 1024.8 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इस परियोजना को तीन वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस कॉरिडोर में मदनपुर खादर, सरिता विहार डिपो और तुगलकाबाद सहित तीन नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे आसपास के इलाकों के लोगों को भी मेट्रो सुविधा मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे से भी मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। यमुना प्राधिकरण ने इसके लिए किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मेरठ से शुरू होने वाला यह एक्सप्रेसवे हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज तक जाएगा। करीब 74.3 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिंग रूट को लगभग 4000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
ब्रज क्षेत्र से कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर ब्रज क्षेत्र और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मथुरा, वृंदावन और आसपास के धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों को चौड़ा करने, नई सड़कों के निर्माण और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा हुई।
सरकार का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या ब्रज क्षेत्र में बढ़ेगी, जिससे पर्यटन और व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
khabre junction
