कासगंज में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: सोशल मीडिया पर बात करने से नाराज पति ने कुल्हाड़ी से मारकर शव खेत में दफनाया, गिरफ्तार
- रिपोर्ट: हरिश्चंद्र ,कासगंज
कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य कोतवाली क्षेत्र के गंगपुर गांव में एक साल पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी पति रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर उसकी पत्नी प्रियंका का सड़ा-गला शव खेत से बरामद किया गया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद कर ली है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रविंद्र ने अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसकी पत्नी प्रियंका सोशल मीडिया पर किसी युवक से बातचीत करती थी, जिससे वह नाराज और गुस्से में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले रात में दोनों के बीच फिर से इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर रविंद्र ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से प्रियंका पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
आरोपी ने अपने भाई राकेश और पिता छोटे लाल की मदद से प्रियंका के शव को चादर में लपेटकर प्लास्टिक की बोरी में रखा और बुग्गी में डालकर गढ़ी बड़ौला गांव के पास एक खेत में दफना दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया और प्रियंका के मायके वालों को यह कहकर गुमराह किया कि वह नौकरी के सिलसिले में बाहर गई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत में खुदाई कर प्रियंका का शव बरामद किया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी उसके घर से बरामद कर ली गई है।
प्रियंका की मां सोमवती ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2024 को गंगपुर निवासी रविंद्र कुमार से हुई थी। घटना के खुलासे के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में शामिल अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
khabre junction
