मध्याचल विद्युत वितरण निगम का स्मार्ट मीटर पखवाड़ा अभियान जारी, उपभोक्ताओं को घर-घर जाकर किया जा रहा जागरूक
बदायूं। मध्याचल विद्युत वितरण निगम द्वारा 9 फरवरी से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले में उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पखवाड़े के तहत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलती हैं, जिनमें आसान भुगतान, रियल-टाइम डेटा की उपलब्धता, बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण, सही और पारदर्शी बिलिंग तथा बेहतर सेवा शामिल हैं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप की डाउनलोडिंग और लाइव डेमो भी कराया जा रहा है, जिससे उपभोक्ता 24 घंटे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के अंतर्गत विभागीय कर्मचारी गांवों और शहर के मोहल्लों में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा पंफलेट, पोस्टर, वीडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
अभियान के दौरान चेक मीटर लगाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की पारंपरिक मीटरों से तुलना कर उपभोक्ताओं को इसके लाभ समझाए जा रहे हैं, ताकि उनके मन में किसी प्रकार का भ्रम न रहे। निगम द्वारा अब तक जिले में लगभग 44,500 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को नई तकनीक से जोड़ना और उन्हें पारदर्शी एवं बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना है।
khabre junction
