- रिपोर्ट:शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। विकास खण्ड घोरावल स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जमगाँव में छात्र-अभिभावक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक राज कुमार पांडेय के संरक्षण में हुआ, जबकि संचालन डॉ. मिथिलेश द्विवेदी ने किया। उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान योजना के अंतर्गत विद्यालय की छात्रा दीपिका पटेल ने जनपद स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विकास खण्ड घोरावल का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ ही दीपिका ने राज्य स्तर पर बेंगलुरु में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु अपना स्थान सुनिश्चित किया और फ्लाइट टिकट भी प्राप्त की।
पूर्व में आयोजित विकास खण्ड स्तरीय गणित ओलंपियाड में दीपिका पटेल और सेहबान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। 6 फरवरी को विकास खण्ड स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम में दीपिका पटेल, सेहबान और रम्भा ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया, जहां नवाचारी मॉडल प्रतियोगिता में दीपिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल द्वारा तीनों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि कार्यक्रम के अध्यक्ष ग्राम प्रधान शिव कुमार ने अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि संजय कुमार मिश्र और विनोद कुमार ने बच्चों व अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अरुण कुमार, अनुदेशक प्रदीप कुमार, चंद्रकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक राज कुमार पांडेय ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
