एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा,पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर बोले,कानून सभी के लिए समान

बोले डिप्टी सीएम,जनता के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा रविवार को एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे।जिला अतिथि गृह में उनको गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया।इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से बुके भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिले के वरीय अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं,प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं,सड़क निर्माण,शिक्षा,स्वास्थ्य, पेयजल,आवास और अन्य जन कल्याणकारी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी काम समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण और जनहित के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास की गति में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कानून व्यवस्था पर चर्चा करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर सख्ती बरती जाए।पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी,उन्होंने कहा सरकार ना तो किसी को फंसाती है ना बचाती है।उन्होंने कहा, कानून सभी के लिए समान है।न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।NEET छात्रा मौत मामले में परिजनों के दिल्ली कूच पर सवाल पूछे जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा,सरकार पहले ही सीबीआई जांच का आदेश दे चुकी है।यह फैसला परिजनों की मांग पर लिया गया है उन्होंने कहा अगर परिवार को जांच प्रक्रिया पर संदेह है तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकते हैं।उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निष्पक्षता,पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।जनता के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.