मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने PRAGATI प्लेटफॉर्म को विकसित भारत @2047 की कुंजी बताया

हरियाणा, 31 जनवरी (डॉ. एम. पी. भार्गव)।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भारत सरकार के प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म PRAGATI (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) की सराहना करते हुए इसे विकास परियोजनाओं को गति देने और जन शिकायतों के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह प्लेटफॉर्म केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रमुख योजनाओं की वास्तविक समय में प्रत्यक्ष निगरानी सुनिश्चित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि PRAGATI प्लेटफॉर्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह प्लेटफॉर्म विकसित भारत @2047 के दीर्घकालिक राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन और प्रभावी लाभ वितरण संभव हो पा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में 112 प्रमुख परियोजनाएं देखरेख के अधीन हैं, जिनमें से 57 परियोजनाएं पूरी होकर चालू हो चुकी हैं। इन परियोजनाओं में 94,153 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है। वहीं शेष 55 परियोजनाएं, जिनकी अनुमानित लागत 5.44 लाख करोड़ रुपये है, अभी विभिन्न चरणों में कार्यान्वयनाधीन हैं।

चालू परियोजनाओं में से 13 परियोजनाओं की समीक्षा प्रधानमंत्री के PRAGATI प्लेटफॉर्म के तहत की गई, जिनकी कुल लागत 30,463 करोड़ रुपये है। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सड़कों और राजमार्गों की 30 परियोजनाएं पूर्ण होकर शीर्ष पर हैं। इसके बाद तेल एवं गैस की 10, बिजली संचरण एवं वितरण की 9, रेलवे की 4, बिजली उत्पादन की 3 तथा एक रियल एस्टेट परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं से राज्य की कनेक्टिविटी, ऊर्जा अवसंरचना और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिली है।

वहीं कार्यान्वयनाधीन 55 परियोजनाओं में से 13 उच्च मूल्य की परियोजनाएं, जिनमें 2.24 लाख करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, PRAGATI प्लेटफॉर्म के अंतर्गत विशेष निगरानी में हैं। इनमें सड़क एवं राजमार्ग की 22 परियोजनाएं, स्वास्थ्य क्षेत्र की 9, रेलवे की 5, तेल एवं गैस की 5, बिजली संचरण एवं वितरण की 4, आईटी/आईटीईएस की 3 और बिजली उत्पादन की 3 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मेट्रो रेल, उद्योग एवं वाणिज्य, लॉजिस्टिक्स पार्क विकास और सीमेंट निर्माण से संबंधित एक-एक परियोजना भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं में एनसीआर क्षेत्र की कई बड़ी अवसंरचना योजनाएं शामिल हैं, जिनमें एक्सप्रेसवे, समर्पित माल गलियारे, टेलीकॉम संतृप्ति अभियान और प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं। ये सभी पहल हरियाणा को दीर्घकालिक, विकासोन्मुख और मजबूत अवसंरचना वाला राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.