राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत रजत बाल विद्या मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उझानी क्षेत्र।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शुक्रवार को दिनांक 30 जनवरी 2026 को रजत बाल विद्या मंदिर में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ हरिओम ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, सड़क पार करते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।

एआरटीओ हरिओम ने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सड़क पर हमेशा सतर्क और अनुशासित रहना आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत जरूरी है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षित व्यवहार अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और यातायात नियमों को जानने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

विद्यालय प्रबंधक शिव कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंजीनियर रजत गुप्ता, सौरभ गुप्ता, पल्लवी गुप्ता, परिवहन विभाग के प्रवर्तन कर्मी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.