बदायूं।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में जनपद के सभी पेट्रोल पंप स्वामियों एवं प्रबंधकों के साथ “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को किसी भी स्थिति या दबाव में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने कहा कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि किसी पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी फुटेज में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन में पेट्रोल भरते हुए पाया गया, तो संबंधित पेट्रोल पंप के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को यह भी निर्देश दिए कि पंप पर कार्यरत सभी कर्मचारियों की सूची नाम एवं मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में हरिओम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों को केवल वही हेलमेट उपयोग में लाना चाहिए जो भारत मानक IS 4151 के मानकों को पूर्ण करता हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानकयुक्त हेलमेट ही खरीदें और उसका नियमित रूप से उपयोग करें।
सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने-अपने पंपों पर “नो हेलमेट, नो फ्यूल” के बैनर एवं स्टीकर लगाने तथा आसपास की सड़कों पर भी जागरूकता के लिए ऐसे स्टीकर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, यातायात निरीक्षक सहित जनपद के समस्त पेट्रोल पंप संचालक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
khabre junction
