- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
बीजपुर (सोनभद्र)।नेमना गांव के टोला चेतवा स्थित चेतना खेल मैदान में आयोजित उड़ान कबड्डी प्रीमियर लीग का शुक्रवार देर रात रोमांचक मुकाबलों के साथ भव्य समापन हुआ। अंतर्राज्यीय स्तर के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे, जिससे खेल मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
सेमीफाइनल मुकाबलों में नेमना, म्योरपुर, रिहंद नगर और नवानगर की टीमों ने हिस्सा लिया। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नेमना और नवानगर की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला नेमना और नवानगर (मध्य प्रदेश) के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। कड़े संघर्ष के बाद नवानगर की टीम ने नेमना को 25–15 अंकों से पराजित कर उड़ान कबड्डी प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में नवानगर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नेमना की टीम उपविजेता रही। वहीं रिहंद नगर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता नवानगर को 12,000 रुपये नकद व शील्ड, उपविजेता नेमना को 7,000 रुपये नकद, तथा तृतीय स्थान पर रही रिहंद नगर की टीम को 5,000 रुपये नकद व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिए गए। बेस्ट रेडर का खिताब अनुज आयाम को मिला, जिन्हें 1,500 रुपये नकद व शील्ड प्रदान की गई। वहीं बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार उमेश मरकाम को 1,500 रुपये नकद व शील्ड के साथ दिया गया।
फाइनल मुकाबले के दौरान संजय कुमार गौड़, मानसिंह गौड़, रोहित सिंह बघेल, अमरेश तिवारी, ओमप्रकाश वैश्य, ताराचंद गुर्जर, ईश्वरी प्रसाद, पंकज गुर्जर, जवाहर लाल वैश्य, रामदयाल वैश्य, सुरेश जायसवाल, रामविचार गौतम, संतोष वैश्य, अनिल वैश्य, प्रमोद गुर्जर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
khabre junction
