सोनभद्र: संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ने सुनी जनसमस्याएं, 90 शिकायतें दर्ज, 12 का मौके पर निस्तारण

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र।संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घोरावल के सभा कक्ष में जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 6 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें गठित की गईं, जिन्हें समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से 35, विद्युत विभाग से 30, पुलिस विभाग से 10, विकास विभाग से 8 तथा अन्य श्रेणी की 7 शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील घोरावल को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे लिंक मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में क्षेत्राधिकारी पुलिस, चकबंदी कार्यालय, ग्राम न्यायालय, उप निबंधक कार्यालय, पूर्ति निरीक्षक कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन लगभग दो हजार लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क निर्माण जनहित में आवश्यक है। निर्देश के अनुपालन में अधिशासी अभियंता को मौके पर भेजकर सड़क का सर्वे भी कराया गया।

इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान चार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा कुछ पात्र लाभार्थियों को कंबल भी प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दिव्यांगता प्रमाण पत्र तत्काल निर्गत किए जाने की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.