स्वामी विवेकानंद जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस पर “यूथ फॉर माई भारत” थीम पर एनएसएस शिविर आयोजित

ऐलनाबाद, 12 जनवरी (एम. पी. भार्गव)।सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय, मिठी सुरेरा, ऐलनाबाद में आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में “यूथ फॉर माई भारत” थीम पर एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार के निर्देशानुसार तथा कार्यकारी इंचार्ज डॉ. सुगन सिंह की अध्यक्षता में, एनएसएस प्रभारी प्रो. राजवीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए स्वयंसेवकों और उपस्थित शिक्षकों ने उनके जीवन, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर डॉ. सुगन सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भावना ही राष्ट्र निर्माण की सशक्त नींव है।

इसके उपरांत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा स्वामी विवेकानंद के विचारों पर आधारित प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विशेष रूप से स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत विषय पर चर्चा की गई, जिसमें युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने तथा देश के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रकृति की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। इसके बाद “रन फॉर स्वदेशी” के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने “स्वदेशी अपनाओ—देश को मजबूत बनाओ” और “आत्मनिर्भर भारत—युवा शक्ति का संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों को स्वदेशी अपनाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. सुगन सिंह, सेवानिवृत्त प्रो. रमेश, प्रो. सुरेश कुमारी, प्रो. सावन कुमार, एनएसएस प्रभारी प्रो. राजवीर सिंह, डॉ. कविता चौधरी, डॉ. पूजा सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य और सभी एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.