लखीसराय में गणतंत्र दिवस की तैयारी तेज,डीएम मिथिलेश मिश्र ने की समीक्षा बैठक,एडीएम,डीडीसी सहित कई अधिकारी रहे मौजूद

लखीसराय(सरफराज आलम)26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया।

डीएम ने सभी सरकारी व सार्वजनिक स्थलों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस वर्ष गांधी मैदान में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, परिवहन, जीविका, आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों की आकर्षक व संदेशपरक झांकियां निकाली जाएंगी। बेहतर झांकी प्रस्तुत करने वाले विभागों को पुरस्कृत किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रभारी मंत्री व वरीय अधिकारी महादलित बस्तियों में झंडोत्तोलन करेंगे। साथ ही शहीदों के आश्रितों, स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।

26 जनवरी की संध्या नगर भवन में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं गांधी मैदान में सलामी परेड का पूर्वाभ्यास 17 से 24 जनवरी तक चलेगा।

डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह जिले के लिए यादगार होना चाहिए।बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,एडीएम नीरज कुमार आदि उपस्थितथे

Leave A Reply

Your email address will not be published.