लखीसराय में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई घाटों पर छापेमारी

*400 CFT बालू ज़ब्त,दो ट्रक, ओवरलोडिंग में पकड़े गए*

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लखीसराय जिला प्रशासन ने बीती रात सख्त कार्रवाई की। डीएम मिथिलेश मिश्र एवं एसपी अजय कुमार के नेतृत्व में एसडीएम प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम् कुमार और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात तक विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।टीम ने किऊल नदी स्थित मलिया, भलुई, गोपालपुर, रामपुर बट्टा और कुंदर सहित कई बालू घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन सभी घाटों एवं मार्गों पर नियमित गश्ती और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए, जहां अवैध खनन व परिवहन की आशंका अधिक रहती है।अवैध भंडारण पर कार्रवाई करते हुए 400 CFT बालू ज़ब्त किया गया, साथ ही तेतरहाट थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।इसी क्रम में जमुई मोड़ पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं खनन विभाग की उपस्थिति में बालू से लदे ट्रकों और ट्रैक्टरों की जांच की गई। यहां ट्रकों का वजन धर्मकांटा पर कराया गया, जिसमें दो ट्रक ओवरलोडिंग पाए जाने पर जब्त किए गए।इस दौरान टाउन थानाध्यक्ष अध्यक्ष सुनील साहनी सहित कई थानों की टीमें भी मौजूद रहीं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.