ऐलनाबाद ( एम पी भार्गव );सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जिला के सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि मोटरसाइकिल रेहड़ी एवं फिटर रेहड़ा जैसे खतरनाक जुगाड़ वाहनों को सड़कों पर किसी भी सूरत में न चलने दिया जाए। उन्होंने कहा कि ये वाहन न केवल अदालत और यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को बढ़ावा देते हैं और आम जनता के जीवन के लिए खतरा बनते हैं।
एसपी ने कहा कि कई लोग मोटरसाइकिल के पीछे रेहड़ी जोड़कर तथा फिटर रेहड़ा तैयार कर अवैध तरीके से सड़कों पर दौड़ाते हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत इंपाउंड किया जाए। साथ ही, ऐसे जुगाड़ तैयार करने वाले मिस्त्रियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों के किनारों पर लगी लोहे की रॉड व पाइप चलते हुए दूसरे वाहन चालकों को गंभीर चोट पहुँचा सकती है, इसलिए इन पर कड़ाई आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों में मनचाहा मॉडिफिकेशन न कराएं, क्योंकि यह माननीय अदालत के आदेशों व ट्रैफिक नियमों की सीधी अवहेलना है। नियम तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों को अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। एसपी सहारन ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन कर ही स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखी जा सकती है।
