‘आधुनिक खेल प्रबंधन का भारतीय मॉडल’ पर दो दिवसीय कांफ्रेंस का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया शुभारंभ

हरियाणा खेल मॉडल बनेगा वैश्विक नेतृत्व का आधार: मुख्यमंत्री

हरियाणा ( एम पी भार्गव ): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज ‘आधुनिक खेल प्रबंधन का भारतीय मॉडल’ विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम भारत के खेल क्षेत्र में एक मजबूत रोडमैप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा का खेल मॉडल वैश्विक नेतृत्व की नई मिसाल बनेगा।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में खेल क्षेत्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा पिछले 11 वर्षों में खेल क्षेत्र में 989 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में खेल बजट के लिए 589 करोड़ 69 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

खेल ढांचा विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि—

राज्य में 3 राज्य स्तरीय खेल परिसर

21 जिला स्तरीय स्टेडियम

163 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर

245 ग्रामीण स्टेडियम

9 बहुउद्देशीय हॉल
विकसित किए जा चुके हैं।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य के हर जिले में हाई परफॉर्मेंस सेंटर स्थापित किए जाएंगे और पंचायत स्तर पर मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विस्तार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को भी विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिल सकें।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस आने वाली पीढ़ियों के लिए खेलों के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगी और भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प को मजबूत करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.