बदायूँ नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जारी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने दातागंज तहसील व विधानसभा क्षेत्र में निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता पहचान पत्र बनवाने से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान अपनी भाग संख्या का कार्य सर्वप्रथम पूरा करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अनुपम सिंह, बबीता गुप्ता, शारदा एवं रोजगार सेवक हरिओम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मण्डलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से संबंधित दायित्व एक पवित्र और अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान का कार्य 01 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानकर किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की निरंतर समीक्षा करते हुए समयसीमा में कार्य पूर्ण कराएं। साथ ही यह भी अवगत कराया कि बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के मानदेय को सरकार द्वारा दोगुना कर दिया गया है, जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने फॉर्म-6, 7 व 8 में की जा रही प्रविष्टियों की प्रगति देखी और मृत, स्थानांतरित एवं दोहराए गए नाम हटाकर पात्र 18+ नागरिकों के नाम जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि एसआईआर से संबंधित सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन पोर्टल पर समय से अपलोड किए जाएं, ताकि सुचारु निगरानी संभव हो सके।
इस दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
