बीजेपी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था का किया बुरा हाल: चौधरी अभय सिंह चौटाला

ऐलनाबाद, 22 नवंबर (एम पी भार्गव)।इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था पर बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश, जो कभी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता था, आज “फिसड्डी” बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने न केवल हजारों सरकारी स्कूल बंद किए हैं, बल्कि जो स्कूल खुले हैं उनमें शिक्षकों की भारी कमी है।

कॉलेजों की स्थिति भी दयनीय: चौटाला

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आरटीआई से सामने आए चौंकाने वाले आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया—

हरियाणा के 185 सरकारी कॉलेजों में से 85 कॉलेजों (46%) में नियमित प्रिंसिपल नहीं हैं।

स्वीकृत शिक्षकों के 56% पद खाली पड़े हैं।

पढ़ाई का पूरा बोझ गेस्ट और एक्सटेंशन टीचर्स पर है।

उन्होंने बताया कि सरकारी अनुदानित कॉलेजों की स्थिति भी बेहद खराब है—

97 स्वीकृत प्रिंसिपल पदों में से 54 पद खाली हैं।

2831 स्वीकृत शिक्षक पदों में से सिर्फ 1394 नियमित शिक्षक हैं।

इस कारण से इस शैक्षणिक सत्र में लगभग 40% सीटें खाली रह गई हैं।

स्कूलों की दुर्दशा पर तीखा हमला

चौटाला ने कहा कि स्कूलों की भवन स्थिति जर्जर है, आधारभूत सुविधाओं का बुरा हाल है और “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली बीजेपी सरकार बेटियों को स्कूलों में शौचालय तक उपलब्ध नहीं करा सकी।

“सरकार का एक ही ध्येय—प्रदेश को लूटना”

बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए चौटाला ने कहा:

“इस सरकार का सिर्फ एक ही लक्ष्य है—प्रदेश को लूटा जाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था—सब भगवान भरोसे छोड़ दिए गए हैं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.