लखीसराय में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, तिरहुत–मुंगेर–पटना की टीमों ने मारी बाजी
अंडर-14 में मुंगेर, अंडर-17 में पटना और अंडर-19 वर्ग में तिरहुत रही विजेता; डीएम-एसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
लखीसराय। लखीसराय के केआरके मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19) का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। 19 नवंबर से शुरू हुए इस खेल महोत्सव में राज्यभर की 27 टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा और पूरे मैदान में खेल भावना तथा उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीनों आयु वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल में मुंगेर ने पटना को 45-32 से हराया।
अंडर-17 वर्ग में पटना ने दरभंगा पर 42-28 से जीत दर्ज की।
वहीं अंडर-19 वर्ग के फाइनल में तिरहुत की टीम ने मुंगेर को 49-40 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों की फुर्ती, आक्रमण-बचाव की रणनीति और टीमवर्क ने खेल को और रोमांचक बना दिया। भारी संख्या में मौजूद दर्शकों, खेल प्रेमियों और छात्रों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले से पहले जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया। समापन समारोह में जिला पदाधिकारी ने विजेता टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशा और गलत प्रवृत्तियों से दूर रखने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।
जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों को बढ़ावा देता रहेगा, ताकि जिले के खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिल सकें।
अंत में विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र तथा तकनीकी अधिकारियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
