लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्र तथा एसपी अजय कुमार के नेतृत्व में चलाया गया व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान

लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्र एवं एसपी अजय कुमार के नेतृत्व में लखीसराय शहर में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। यह अभियान मुख्यतः लखीसराय रेलवे स्टेशन से पंजाबी मोहल्ला के क्षेत्र में चलाया गया।

अभियान के दौरान डीएम ने बताया कि जिला परिषद द्वारा दुकानदारों को विधिवत रूप से दुकानें आवंटित की गई हैं, परंतु कुछ दुकानदार दुकान की सीमा के बाहर फुटपाथ पर भी सामान रखकर उसे बेचते हैं। इससे पैदल यात्रियों का आवागमन बाधित होता है और वाहन चालकों को सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती, जिसके कारण जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
डीएम ने सभी दुकानदारों से सौहार्दपूर्ण अपील की कि वे अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखें और फुटपाथ को राहगीरों के लिए खाली छोड़ें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार न केवल नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक है, बल्कि व्यापारियों के व्यवसाय के लिए भी अनुकूल वातावरण बनाता है।

अभियान के दौरान यह सकारात्मक दृश्य देखने को मिला कि अधिकांश दुकानदारों ने जिला प्रशासन के आग्रह को तुरंत माना और स्वेच्छा से अपने सामान को दुकान के अंदर कर लिया। जिन कुछ दुकानदारों ने प्रारंभिक रूप से सहयोग नहीं किया, उनके कबाड़ एवं अतिरिक्त सामान को सांकेतिक रूप से हटाया गया, जिससे उन्हें नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि व्यवस्था और जनहित को प्राथमिकता देना है।

अतिक्रमण की नियमित निगरानी के लिए 20 सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है। यह टीम निरंतर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी दुकानदार सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण न करे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पहले जुर्माना लगाया जाएगा तथा लगातार उल्लंघन की स्थिति में दुकान आवंटन रद्द करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.