पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त किसानों के खातों में हस्तांतरित

  • रिपोर्ट – शाहबाज़ खान

रामपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किश्त बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कटक से देशभर के किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में जनपद रामपुर के 2.37 लाख किसानों को भी इस किस्त का लाभ प्राप्त हुआ।

विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत लघु एवं सीमांत कृषकों के साथ पीएम किसान सम्मान निधि के सजीव प्रसारण को देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि सिंचाई सुविधा को बढ़ाने के लिए पूर्व में 15,000 सोलर पंप वितरित किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने इस संख्या को बढ़ाकर 75,000 तक कर दिया है।

उन्होंने बताया कि किसानों के खेती कार्यों के लिए बिजली बिलों को निशुल्क करने के साथ-साथ आधुनिक कृषि यंत्र भी अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज के युवा पारंपरिक रोजगार से हटकर आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। इसके अलावा प्रदेश सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने फसल अवशेष प्रबंधन तथा फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता वैन को विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही प्रगतिशील किसानों को बीजों की मिनी किट भी वितरित की गई।

इस अवसर पर किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने कृषि राज्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.