District Hospital: रामपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मुफ्त इलाज के दावों पर सवाल, मरीज के तीमारदार ने बाहर से खरीदे 700 रुपये के इंजेक्शन
Rampur District Hospital: सरकारी अस्पतालों में मरीजों को निशुल्क इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराने के दावों के बीच रामपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां सड़क हादसे में घायल एक मरीज के तीमारदार को चार इंजेक्शन और चार सिरिंज बाहर के मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ीं। इसके लिए उसे करीब 700 रुपये खर्च करने पड़े। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच कराने और कार्रवाई की बात कही है।
District Hospital: सड़क हादसे में घायल मरीज को लेकर इमरजेंसी पहुंचे तीमारदार
मामला शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे का है। सड़क हादसे में घायल अजीत सिंह गंगोत्री को उनके तीमारदार हेतराम दिलपुरा इलाज के लिए रामपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ ने इलाज के दौरान चार इंजेक्शन और चार सिरिंज बाहर से खरीदने के लिए पर्ची लिख दी।
District Hospital: 700 रुपये खर्च कर निजी मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ीं दवाइयां
तीमारदार हेतराम के मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि सरकारी जिला अस्पताल में मरीज को जरूरी दवाइयां निशुल्क मिल जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। स्टाफ की ओर से बाहर से दवाइयां लाने की पर्ची दिए जाने के बाद उन्हें मजबूरी में निजी मेडिकल स्टोर का रुख करना पड़ा। वहां चार इंजेक्शन और चार सिरिंज खरीदने में करीब 700 रुपये खर्च हो गए।
District Hospital: अस्पताल में निशुल्क दवाइयों की व्यवस्था पर उठे सवाल
तीमारदार का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जरूरी दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इमरजेंसी जैसी स्थिति में मरीज के परिजनों को बाहर मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदने के लिए भेजना परेशानी बढ़ाने वाला है। इस घटना ने जिला अस्पताल में निशुल्क दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
District Hospital: सीएमएस बोले- बाहर से दवाइयां लिखने पर होगी जांच
मामले पर जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बी. सक्सेना ने कहा कि अस्पताल के स्टाफ को कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं कि मरीजों को निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां न लिखी जाएं। इसके बावजूद यदि किसी कर्मचारी ने बाहर से दवाइयां खरीदने की पर्ची लिखी है तो मामले की जांच कराई जाएगी।
District Hospital: सीएमओ ने बताया गलत, तत्काल जांच के दिए निर्देश
वहीं सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखने पर पूरी तरह रोक है। इसके बावजूद ऐसा किया जाना बेहद गलत है। उन्होंने मामले को तत्काल दिखवाने की बात कही है।
अब देखना होगा कि जांच में किसकी लापरवाही सामने आती है और जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के दावों पर स्वास्थ्य विभाग क्या कार्रवाई करता है।
