Land Dispute: अजनाला के चक्क डोगरां गांव में जमीन विवाद को लेकर गरमाई सियासत, पूर्व सरपंच ने लगाया झूठे केस में फंसाने का आरोप
Ajnala Land Dispute: पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला हलके के गांव चक्क डोगरां में जमीन और आपसी रंजिश से जुड़ा विवाद अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। गांव के पूर्व सरपंच दलबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते झूठे पुलिस केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है। मामले को लेकर उन्होंने भगवान वाल्मीकि संघर्ष दल के पदाधिकारियों और ग्रामीणों के साथ प्रेस वार्ता कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि मारपीट की शिकायत की जांच की जा रही है और किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी।
Land Dispute: 30-40 साल पुराने जमीन विवाद में दीपावली पर हुई झड़प
प्रेस वार्ता में पूर्व सरपंच दलबीर सिंह ने बताया कि गांव के दो पक्षों के बीच पिछले 30 से 40 वर्षों से जमीन और बाग पर कब्जे को लेकर विवाद चला आ रहा है। उनके मुताबिक, दीपावली के दिन पराली में आग लगने की घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और झड़प हुई, जिसमें कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
दलबीर सिंह का कहना है कि गांव का पूर्व सरपंच होने के नाते उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब दूसरे पक्ष की ओर से एक घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर उन्हें भी मामले में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है।
Land Dispute: पूर्व सरपंच ने राजनीतिक रंजिश में फंसाने का लगाया आरोप
दलबीर सिंह ने दावा किया कि वह अकाली दल से जुड़े हैं और उनकी पत्नी परमजीत कौर वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। उनके आरोप के मुताबिक, आगामी चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दबाव बनाने के लिए उन्हें इस विवाद में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के समय उनका विवाद से कोई लेना-देना नहीं था और पुलिस को सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

Land Dispute: भगवान वाल्मीकि संघर्ष दल ने दी थाना घेराव और भंडारी पुल जाम की चेतावनी
प्रेस वार्ता में भगवान वाल्मीकि संघर्ष दल के चेयरमैन हरदीप सिंह भंगाली ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच को परेशान किया जा रहा है और उनके घर पर पुलिस की रेड की गई है।
भंगाली ने एसएसपी अमृतसर देहाती और डीएसपी अजनाला से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूर्व सरपंच के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा दर्ज किया गया या कोई अनुचित कार्रवाई हुई, तो ग्रामीणों और सहयोगी जत्थेबंदियों के साथ थाना अजनाला का घेराव किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अमृतसर के भंडारी पुल को भी अनिश्चितकाल के लिए जाम करने की चेतावनी दी गई।
Land Dispute: मारपीट की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच
दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी ने पूर्व सरपंच को झूठे केस में फंसाने के आरोपों को निराधार बताया। पुलिस के अनुसार, गांव चक्क डोगरां की निवासी मनजीत कौर पत्नी बलविंदर सिंह ने लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पति बलविंदर सिंह के साथ जानलेवा हमला कर गंभीर मारपीट की गई।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घायल बलविंदर सिंह का पहले अमृतसर के श्री गुरु नानक देव अस्पताल में उपचार हुआ और वर्तमान में वह सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। शिकायत में कई लोगों के नाम दिए गए हैं। पुलिस इन आरोपों की गहराई से जांच कर रही है और मौके पर जाकर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
