सुपरस्टार धर्मेन्द्र सिंह देओल ब्रीच कैंडी अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटे घर, झूठी खबर चलाने वाली मीडिया को दिया करारा जवाब

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देओल के प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर है। अभिनेता हाल ही में ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए हैं। परिवार के साथ उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मुस्कुराते और स्वस्थ नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो उन सभी अफवाहों पर करारा तमाचा है, जो बीते दिनों कुछ मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलाई जा रही थीं। कई चैनलों ने बिना पुष्टि के धर्मेन्द्र के निधन की झूठी खबरें चला दी थीं, जिससे देशभर में उनके चाहने वालों में अफरा-तफरी मच गई थी।

वीडियो में धर्मेन्द्र को अपने परिवार के साथ हंसते-मुस्कुराते देखा जा सकता है, जो इस बात का प्रमाण है कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने भी मीडिया से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी प्रकार की भ्रामक खबरें न चलाई जाएं, क्योंकि इससे परिवार और प्रशंसकों की भावनाएं आहत होती हैं।

धर्मेन्द्र के चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर राहत की सांस लेते हुए लिखा — “धरम पाजी अमर हैं, वे करोड़ों दिलों में बसते हैं।”

गौरतलब है कि 88 वर्षीय धर्मेन्द्र भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित कलाकारों में से एक हैं। अपने छह दशकों के फिल्मी करियर में उन्होंने “शोले”, “चुपके चुपके”, “सत्यकाम”, “धरम वीर”, “यमला पगला दीवाना” जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्में दी हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.