प्रयागराज में पत्रकार की हत्या पर रामपुर के पत्रकारों में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रामपुर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) में पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ ‘पप्पू’ की निर्मम हत्या के खिलाफ पत्रकारों में गहरा रोष है। ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन के मुरादाबाद-बरेली मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने सोमवार को रामपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

पत्रकारों ने कहा कि यह घटना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पत्रकार की हत्या की निष्पक्ष जांच, परिवार को आर्थिक सहायता और परिजनों को सुरक्षा देने की मांग की।

गौरतलब है कि प्रयागराज में गुरुवार शाम एक होटल के पास 54 वर्षीय पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ ‘पप्पू’ की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई।

कौन थे पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह?
लक्ष्मी नारायण सिंह मूल रूप से गाजीपुर जिले के थाना सादात स्थित डहरमौवा-कौड़ा गांव के निवासी थे। वे पूर्व हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक सिंह के भतीजे थे। उनके पिता आर.डी. सिंह, वायुसेना से सेवानिवृत्त थे। कोरोना काल में उनका निधन हो गया था।
पत्रकार सिंह कई वर्षों से प्रयागराज के धूमनगंज स्थित अलका विहार कॉलोनी में पत्नी सरिता सिंह और बेटे के साथ रह रहे थे। साल 2005 में उन्होंने केबल डिश का कारोबार शुरू किया था, लेकिन घाटा होने के बाद यह व्यवसाय छोड़कर एक निजी समाचार चैनल से जुड़ गए थे।

पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी घायल, एक फरार
पुलिस के अनुसार, इस हत्या में विशाल और साहिल नामक दो व्यक्तियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी विशाल को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी साहिल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पत्रकार समुदाय ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो राज्यभर में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.