सोनभद्र: 16 नवंबर को होगा गोवर्धन पूजा का आयोजन, रात्रि में होगा बिरहा मुकाबला

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (बीजपुर)। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडारी के टोला नगराज में आगामी गोवर्धन पूजा पर्व की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से विराट गोवर्धन पूजा समिति का गठन किया गया। समिति में प्रमोद कुमार यादव को अध्यक्ष, परमानंद यादव को उपाध्यक्ष, श्याममनोहर यादव को कोषाध्यक्ष, जगदीश यादव को उपकोषाध्यक्ष और दयाराम यादव को मंत्री चुना गया। इस अवसर पर अन्य पदाधिकारियों का भी चयन हुआ। अध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि “ग्रामवासियों के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस बार भी गोवर्धन पूजा का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम 16 नवंबर, रविवार को दिन में संपन्न होगा तथा रात्रि में शानदार बिरहा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के आयोजन में गाजीपुर के प्रसिद्ध चमत्कारिक पंथी बाबा सुरेन्द्र जी भी शामिल होंगे। बाबा सुरेन्द्र अपने मंत्रोच्चार से अग्नि प्रज्वलन के लिए प्रसिद्ध हैं। हाल ही में उन्होंने सोनभद्र के दुद्धी में भी अपने चमत्कारिक प्रदर्शन से लोगों को आश्चर्यचकित किया था। गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि “यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र देव का अभिमान तोड़ने और गोवर्धन पर्वत की पूजा की स्मृति में मनाया जाता है।” इस परंपरा के अंतर्गत ग्रामवासी गोबर के उपलों पर दूध और खीर पकाते हैं तथा पूजा के बाद बाबा के स्नान उपरांत महाप्रसाद वितरण किया जाता है। रात्रि 9 बजे से बिरहा मुकाबला आयोजित होगा, जिसमें बिरहा सम्राट गायक रामजनम जाबा (नवगढ़, चंदौली) और गायिका सरोज सरगम (देवरिया) अपनी प्रस्तुति देंगी। समिति ने सभी ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.