- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मीरजापुर पुलिस ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की है। दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को थाना संतनगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और भगाने के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की।
मामला एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल विवेचना प्रारंभ की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
उप-निरीक्षक सुशील कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संतनगर बाजार नहर पुलिया से आरोपी रितेश यादव निवासी ग्राम वोदा कला को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध धारा 69 बीएनएस, 3/4 पॉक्सो अधिनियम तथा 3(2)(v) एससी/एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय भेज दिया गया।
इसी क्रम में, थाना कोतवाली कटरा पुलिस ने चोरी के मामले में भी सफलता हासिल की। रहीस खान की दुकान से दो गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप-निरीक्षक कृष्णकान्त तिवारी की टीम ने आरोपी को धर दबोचा।
एसएसपी मीरजापुर ने दोनों टीमों की इस तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा महिला एवं बाल सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
