रामपुर में रेलवे ट्रैक पर हादसा, युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम

मृतक की दो छोटी-छोटी बेटियां, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रामपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय मनीष कश्यप पुत्र सुरेश चंद्र कश्यप निवासी न्यू कृष्णा ज्वाला नगर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार लगभग दोपहर 3 बजे मनीष कश्यप किसी काम से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। जैसे ही वे राम रहीम पुल के नीचे रेलवे लाइन पार कर रहे थे, उसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और मनीष उसकी चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मनीष के छोटे भाई अमित कुमार कश्यप ने बताया कि उन्हें शाम 4 बजे थाना सिविल लाइन से फोन आया कि उनके भाई की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक मनीष कश्यप की शादी हो चुकी थी और उनकी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.