कजरा थाना क्षेत्र में नक्सली आरोपी अनिल कोड़ा गिरफ्तार, SSB, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम

लखीसराय (बिहार), 28 सितम्बर 2025। कजरा थाना क्षेत्र के गाँव शीतला कोड़ासी के पहाड़ी जंगल इलाके से नक्सल कांड में नामजद आरोपी को 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की “डी” कंपनी, STF पीरी बाजार और कजरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामारी कर गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

गिरफ्तार नक्सली की पहचान अनिल कुमार उर्फ अनिल कोड़ा पुत्र कार्तिक सोरेन उर्फ कार्तिक कोड़ा, निवासी – शीतला कोड़ासी, थाना – कजरा, जिला-लखीसराय के रूप में हुई। अनिल कोड़ा थाना कजरा के कांड संख्या 79/21 व 26/15 तथा थाना खैरा (जिला-जमुई) के कांड संख्या 203/21 में नामजद है और वर्षों से फरार चल रहा था।

गुप्त सूचना मिलने पर 16वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट श्री अनिल कुमार पठानिया के निर्देश पर “डी” कंपनी के कंपनी कमांडर श्री अभिनव तोमर (सहायक कमांडेंट) के नेतृत्व में SSB, STF और कजरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने कनिमोह और शीतला कोड़ासी के पहाड़ी जंगल क्षेत्र में सघन छापामारी एवं खोजबीन अभियान चलाया।

खोजबीन अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम अनिल कुमार उर्फ अनिल कोड़ा बताया। सत्यापन के बाद आरोपी को कजरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.