इनैलो का राज्यस्तरीय महा सम्मान समारोह दिवस 25 सितंबर को , हरियाणा की राजनीति में आयेगा नया मोड , इनेलो की ओर से धुआं धार प्रचार जोरों पर

 ऐलनाबाद ( डॉ एम पी भार्गव ,विशेष प्रतिनिधि द्वारा ): पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व ताऊ देवीलाल की 112वी पर 25 सितंबर को रोहतक में मनायें जा रहे राज्यस्तरीय सम्मान दिवस पर देश-भर की नजरें टिकी हुई है क्योंकि इसमें उमड़ी भीड़ हरियाणा की राजनीति को नया मोड़ दे सकती है। इनैलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने पूरे प्रदेश में अपने जनसंपर्क और निमंत्रण अभियान के बाद इनैलो फौज की ड्यूटी लगा दी है और सभी इनैलो सैनिकों ने मोर्चा संभाल लिया है। जनसंपर्क और निमंत्रण अभियान में उमड़ी भीड़ से संकेत मिलता है कि यह रैली हरियाणवी राजनीति में नया इतिहास रच सकती है। इनैलो का रोहतक में मनाया जाने वाला सम्मान दिवस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक भविष्य पर ग्रहण लगा सकता है, ऐसा राजनीतिक पंडितों का मानना है।

इनैलो एक मात्र ऐसा क्षेत्रीय दल है, जिसके सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं , जिनमें ज्यादातर जनप्रतिनिधि है,जो एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे की मजबूत बुनियाद कहे जा सकते हैं। रोहतक और इससे जुड़े आधा दर्जन जिलों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का प्रभाव माना जाता रहा है, मगर वर्तमान में इनैलो के सम्मान दिवस कार्यक्रम के लिए लोगो का जोश भूपेंद्र हुड्डा ही नहीं कांग्रेस की राजनीतिक धड़कने बढ़ा सकता नजर आ रहा है। भुपेंद्र हुड्डा के युवराज दीपेंद्र हुड्डा के करीब रहे मनजीत कन्हेरी और जजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलवान सुहाग का “चश्मा” पहनने से इनैलो को एक बड़ी मजबूती मिली है और अनेक प्रभावी राजसी दिग्गजों का इनैलो का चश्मा लगाए जाने की भी चर्चा है,जो रोहतक रैली में इनैलो में शामिल हो सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के समर्थकों में इस बात नाराज़गी बनी हुई है कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उन्हें तव्वजो नहीं दे रहा। इसलिए इनैलो के सम्मान दिवस में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आईना दिखाया जा सके।

वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव और 2020 को कोरोना महामारी के कारण स्व ताऊ देवीलाल की जयंती को छोड़कर हर वर्ष किसानों के मसीहा को याद किया जाता चला आ रहा है। रैली स्थल तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो, बैठने और पेयजल इत्यादि के अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए युवा इनेलो के मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश भर से मिल रही जानकारी अनुसार रैली स्थल के पंडाल को बढ़ाये जाने की कवायद शुरू हो गई है। इनैलो की फायर ब्रांड महिला नेत्री सुनैना चौटाला की राजनीति बैटिंग से प्रभावित नारी शक्ति की उपस्थिति भी प्रदेश को नई दिशा दे सकती है, इससे इंकार नहीं किया जा सकता।

इनैलो सुप्रीमो अभय चौटाला की राजनीतिक सोच को देखकर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रोहतक में सम्मान दिवस का आयोजन हिचकोले खा रही हरियाणवी कांग्रेस के लिए ऐसा राजनीतिक घाव बनेगा,जिसकी मरहम ढूंढना आसान नहीं रहेगा। 25 सितंबर की बेसब्री से इंतजार कर रहे हरियाणवी लोगों की स्व ताऊ देवीलाल के सम्मान दिवस में शामिल होने उपरांत राज्य में इनैलो इनैलो होने लगेगी और इनैलो का चश्मा पहनने वालों की लंबी कतार देखने को मिल सकती है,ऐसी राजनीतिक तस्वीर नजर आ रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.