गांव, गरीब और किसानों का सशक्तिकरण ही भाजपा सरकार का संकल्प: हरीश गंगवार

भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने स्वार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण मंडल के बूथ अध्यक्षों से किया संवादबोले बूथ स्तर के कार्यकर्ता की मेहनत और प्रतिबद्धता से जीता जाता है चुनाव

रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार का संकल्प ही गांव, गरीब और किसानों का सशक्तिकरण करना है। इसी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम हो रहा है। इसके साथ ही ढांचागत सुविधाओं का विस्तार भी लगातार चल रहा है। इन सब कार्यों के अलावा बूथ स्तर के कार्यकर्ता की मेहनत और प्रतिबद्धता ही चुनाव जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती है।
सोमवार को जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार स्वार विधानसभा क्षेत्र के स्वार ग्रामीण मंडल के बूथ अध्यक्षों से मिले। उनसे सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना। इस अवसर पर उन्होंने बूथ संपर्क अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा की जीत का मूल आधार बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही होते हैं। उन्होंने कहा, बूथ जिते तो चुनाव जीते, यह केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यशैली का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर मतदाता तक पहुंचें और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। कहा कि चुनाव केवल बड़े नेताओं की सभाओं से नहीं, बल्कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत, प्रतिबद्धता, बूथ अध्यक्षों के जुनून से जीता जाता है। उन्होंने पुराने चुनावों का स्मरण करते हुए बताया कि किस प्रकार सीमित संसाधनों में भी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि आप सभी ने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा ऊंचा रखा है। यह संघर्ष और समर्पण ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दृष्टि से मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, और आईटी सेल की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। अंत में जिलाध्यक्ष ने संदेश देते हुए कहा कि सभी बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क पर जोर दें, मतदाताओं के बीच जाकर संवाद करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा करें। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का बूथ स्तर का नेटवर्क विपक्ष के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत है और यही पार्टी को आगे ले जाएगा। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिला उपाध्यक्ष महेश मौर्य, जिला मंत्री महेंद्र सैनी, दिनेश गोयल, हरिओम मौर्य, डोली रंधावा, अमृता रंधावा, पवन शर्मा, जयवर्धन मौर्य, महेंद्र सैनी आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.