सज्जन गोयल पुनः बने श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष

इस बार 23 से शुरू होगी रामलीला, अयोध्या के कलाकार प्रस्तुत करेंगे श्री रामनाटक

ऐलनाबाद, 15 सितम्बर ( एम पी भार्गव ): शहर के श्री गौशाला मार्ग पर स्थित श्री सनातन धर्मशाला में स्थानीय श्री रामलीला कमेटी की रजिस्टर्ड कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सज्जन गोयल, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, सचिव राजेश वर्मा, अशोक जसरासरिया, बीएम नागर, सुखराम वर्मा, ओपी पारीक, प्रवीण फुटेला, सुभाष चौहान, रवि लड्डा, राधाकृष्ण पटीर, आनंद जिंदल, संजय शेखर व काली राणा सहित अधिकतर सदस्य मौजूद थे। श्री रामलीला कमेटी की पिछली बैठक में प्रधान सज्जन गोयल ने अपने पद से त्यागपत्र देने की इच्छा प्रकट की थी। जिसके चलते आज की इस बैठक में श्री रामलीला कमेटी का नया प्रधान चुने जाने पर विचार विमर्श किया गया। इस मुद्दे पर सभी सदस्यों ने आपसी विचार विमर्श और गहन चिंतन मंथन के बाद सर्वसम्मति से सज्जन गोयल को एक बार फिर से अगले तीन वर्षों के लिए श्री रामलीला कमेटी का अध्यक्ष चुन लिया। जिस पर सभी सदस्यों ने तालियां बजाकर सज्जन गोयल को प्रधान बनाये जाने पर बधाई दी। इस बैठक में कला मंच के प्रधान सुखराम वर्मा ने बताया कि रामलीला में मुख्य भूमिका अदा करने वाले कुछ कलाकार इस बार किसी न किसी वजह के कारण उपलब्ध नहीं हो रहे है जो चिंता का विषय है। इस गंभीर मुद्दे पर बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस बार अयोध्या से कलाकारों को बुलवाकर रामलीला का मंचन करवाने का निर्णय लिया। इस निर्णय को भी सभी सदस्यों ने सर्व समिति से मान लिया। इस अवसर पर सचिव राजेश वर्मा ने पिछले सालों के अब तक का आय व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया। कमेटी के नए अध्यक्ष सज्जन गोयल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया वहीं सचिव राजेश वर्मा ने आगामी कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.