एशिया कप 2025: भारत बनाम पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला आज, फैंस में उत्साह और विरोध दोनों तेज

अमृतसर। एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए में आज का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।

पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में

पिछले 10 सालों में दोनों टीमों के बीच कुल 15 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 12 बार भारत ने जीत दर्ज की है। यह आंकड़ा भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के आत्मविश्वास को और मजबूत करता है। फैंस का मानना है कि इस बार भी भारत ही एशिया कप में जीत हासिल करेगा।

खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद

क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बार भी भारतीय बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों पर टिकी हैं।

बल्लेबाज़ी में: सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद।

गेंदबाज़ी में: जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल पर भरोसा जताया जा रहा है।

अमृतसर के गुरु नानक स्टेडियम में क्रिकेट खेल रहे खिलाड़ियों ने कहा कि टीम इंडिया इस समय बेहतरीन फॉर्म में है और पाकिस्तान पर दबाव बनाएगी।

मैच को लेकर उठ रहे विरोध के स्वर

जहां एक ओर देशभर के फैंस भारत की जीत की दुआ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई हिस्सों में इस मैच को लेकर विरोध भी सामने आया है। विरोध करने वालों का कहना है कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष लोग मारे गए थे, जिसके बाद ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाई तक करनी पड़ी। ऐसे में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच कराना देश की भावनाओं से खिलवाड़ है।

लोगों का आरोप है कि बीसीसीआई सिर्फ आर्थिक लाभ के लिए यह मैच करा रहा है, जबकि शहीदों और निर्दोषों के परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.