Sonbhadra: गड्ढों में तब्दील सड़क बनी हादसों का कारण, पलटा ट्रेलर, चालक-खलासी बाल-बाल बचे

  • रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (बीजपुर)। बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार सुबह इसी खस्ता हाल सड़क पर एक बड़ा हादसा टल गया। चंदौली की ओर जा रहा एक ट्रेलर नेमना चेतवा के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी कूदकर जान बचाने में सफल रहे। ट्रेलर पलटने से नमामी गंगे योजना की एलटी तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए।
करीब 25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से रोजाना हजारों स्कूली बच्चे, कर्मचारी और यात्री गुजरते हैं। यह सड़क मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड जैसे चार राज्यों को जोड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के चलते 25 किलोमीटर का सफर तय करने में घंटों लग जाते हैं और आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य व सुरक्षा सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कई बार पैचिंग का काम कराया गया, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाती है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सोनभद्र के एक्सईएन एस.के. सिंह ने बताया कि शासन को प्रस्ताव भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.