बाढ़ प्रभावित इलाकों में अमृतसर पुलिस ने शुरू की ड्रोन सेवा, तीन ड्रोन से राहत सामग्री, दवाइयाँ और अनाउंसमेंट पहुँचाए जाएंगे
अमृतसर। अमृतसर देहाती पुलिस ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य को तेज़ और सुलभ बनाने के लिए ड्रोन सेवा शुरू की है। पुलिस ने तीन ड्रोन तैनात किए हैं जो भिंडी सैदा, रमदास और अजनाला इलाकों में सक्रिय हैं।
एस.पी. देहाती आदित्य वाइरर ने बताया कि ये ड्रोन हरियाणा और पंजाब से मंगवाए गए हैं और पुलिस प्रशासन को नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से एक ड्रोन राहत सामग्री और दवाइयाँ पहुँचाने में इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि दूसरा ड्रोन फँसे हुए लोगों की लोकेशन का सर्वे करने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने की अनाउंसमेंट करने के लिए लगाया गया है। तीसरा ड्रोन निगरानी और सर्वे के कार्यों में जुटा है।
ड्रोन की क्षमता के बारे में जानकारी देते हुए एस.पी. ने कहा कि ये एक बार में 10 किलो तक का सामान पाँच किलोमीटर की दूरी तक पहुँचा सकते हैं। बाढ़ प्रभावित लोग ज़रूरी मदद के लिए 112 नंबर, फ्लड कंट्रोल हेल्पलाइन या अमृतसर पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस आधुनिक तकनीक से राहत कार्यों में गति आएगी और बाढ़ पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुँच सकेगी। इसका उद्देश्य जन-धन की हानि को कम से कम करना है।
