अमृतसर में गैंगस्टर की अंधाधुंध फायरिंग, रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या

अमृतसर। शहर में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक गैंगस्टर ने रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना थाना मोहकमपुरा क्षेत्र के “इक लाइन” रेस्टोरेंट की बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, दो युवक मोटरसाइकिल पर रेस्टोरेंट पहुंचे। इनमें से एक बाहर खड़ा रहा जबकि दूसरा युवक अंदर घुसा और रेस्टोरेंट मालिक आशुतोष से पानी की बोतल मांगी। जैसे ही आशुतोष पानी देने लगे, युवक ने अचानक उन पर करीब छह गोलियां दाग दीं। इसमें से तीन गोलियां उन्हें लगीं।

फायरिंग के बाद आरोपी दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आशुतोष को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात की जानकारी मिलते ही थाना मोहकमपुरा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रेस्टोरेंट से सीसीटीवी फुटेज भी बरामद कर ली है, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.