अमृतसर पुलिस ने बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी राहत सामग्री, कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने खुद संभाली मुहिम की कमान
अमृतसर। बाढ़ से प्रभावित इलाकों की मदद के लिए अमृतसर पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भेजी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर की अगुवाई में ट्रैफिक पुलिस विंग और समाजसेवी संस्थाओं ने मिलकर यह अभियान चलाया। राहत सामग्री अजनाला और रमदास क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित लोगों तक पहुंचाई गई।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस राहत सामग्री में पानी, ब्रेड, बिस्कुट, मुरब्बा और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा मच्छर भगाने वाली गोलियां, मोमबत्तियां और माचिस भी भेजी गई हैं, ताकि पीड़ितों को हर संभव सुविधा मिल सके। अब तक एक लाख से अधिक राहत सामग्री के पैकेट ज़रूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
इस मुहिम में टीसीपी जगजीत वालिया, एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर, एसीपी ऋषभ भोला समेत पूरा ट्रैफिक स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहा। समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से यह प्रयास सफल हो सका।
कमिश्नर भुल्लर ने कहा कि सरकार, ज़िला प्रशासन, एनडीआरएफ, आर्मी और बीएसएफ लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री की ओर से भी राहत कार्यों के लिए हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखें और प्रभु से अरदास करें ताकि सभी की जान और माल की सुरक्षा हो सके।
