गंगा नदी में बढ़ते जल स्तर पर एसडीएम सदर ने किया औचक निरीक्षण
धैर्य बनाए रखें, प्रशासन आपके साथ है – एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र
रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। गंगा नदी उफान पर है और जल स्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच चुका है। हालात का जायजा लेने के लिए तेजतर्रार व लोकप्रिय उप जिलाधिकारी (सदर) गुलाब चन्द्र ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ने बताया कि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं एडीएम अजय कुमार सिंह के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गंगा नदी का जलस्तर 76.820 मीटर दर्ज किया गया है। स्थिति को देखते हुए हरसिंहपुर मल्लेपुर क्षेत्र में तीन नावें तैनात की गई हैं और ग्राम मल्लेपुर में नाव संचालन शुरू कर दिया गया है।
सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है तथा पुलिस व प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम गुलाब चन्द्र ने मीडिया से बातचीत में कहा –
“घबराने की आवश्यकता नहीं है, प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। आप धैर्य बनाए रखें, प्रशासन आपके साथ खड़ा है।”
