रामपुर में हाउस टैक्स व वाटर टैक्स वृद्धि के खिलाफ व्यापार मंडल का जोरदार प्रदर्शन

रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कार्यालय तिलक नगर कॉलोनी से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी साथी एकजुट होकर नगर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने नगर पालिका परिषद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और जॉइन्ट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक नगर पालिका परिषद रामपुर द्वारा हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में लगभग 50 गुना तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही अंधाधुंध नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता और व्यापारी समाज बुरी तरह परेशान है।

उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका परिषद द्वारा इस बढ़े हुए टैक्स को समाप्त नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका सीमा के अंतर्गत आने वाले उद्योगों और लघु उद्योगों पर भी भारी-भरकम टैक्स वसूलने की तैयारी चल रही है, जबकि रामपुर शहर आर्थिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ है।

नीतीश अग्रवाल ने कहा कि रोजगार के अभाव में शहर की लगभग 40% आबादी दूसरे प्रदेशों और देशों की ओर पलायन कर चुकी है। ऐसे हालात में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स की 50 गुना वृद्धि ने पूरे शहर में हाहाकार मचा दिया है। जनता नगर पालिका परिषद की कठोर नीतियों से दहशत में है और चारों ओर कोहराम का माहौल है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि गाजियाबाद नगर निगम में टैक्स बढ़ोतरी का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निरस्त कर दिया गया था। ऐसे में रामपुर में भी इसी तरह का कदम उठाया जाना चाहिए।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दिलशाद हुसैन, जिला सचिव फईम अहमद, मंडल अध्यक्ष अब्दुल वासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, प्रदेश उपाध्यक्ष राज बहादुर यादव, ओम प्रकाश, शाहिद खुसरो, इमरान खान, मेराज हुसैन, कन्हैया लाल पटवा, शादाब खान, मंसूर खान, फैसल अली, गोपाल शर्मा, बाबू खान, अब्दुल कादिर समेत सैकड़ों व्यापारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.