बीजेपी सरकार की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लक्ष्मी कांता चावला ने बॉर्डर पर तैनात जवानों के साथ राखी का त्योहार मनाया 

पिछले 58 वर्षों से वह लगातार अटारी-वाघा बॉर्डर पर बीएसएफ जवानों को राखी बांधकर यह पर्व मना रही हैं।उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

अमृतसर: राखी के पावन अवसर पर आज अमृतसर में बीजेपी सरकार की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लक्ष्मी कांता चावला ने हर साल की तरह इस साल भी अटारी-वाघा बॉर्डर पर ड्यूटी निभा रहे और अपने परिवार से दूर देश की रक्षा कर रहे जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उनके साथ स्कूल की छात्राएं और समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य भी मौजूद रहे।

बातचीत में लक्ष्मी कांता चावला ने बताया कि वह बॉर्डर पर बीएसएफ के जवानों को राखी बांधने आई हैं। राखी बांधकर वह उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की दुआ करती हैं। उन्होंने कहा कि ये भाई सरहद पर ड्यूटी निभाकर देशवासियों की रक्षा करते हैं और अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं, इसलिए हम हर साल राखी लेकर आते हैं और उनकी सलामती की प्रार्थना करते हैं। उनकी वजह से ही आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं और चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने जब भी दुश्मन ने देश पर हमला किया, मुंहतोड़ जवाब दिया है।

चावला ने कहा कि हमारे जवानों के भीतर एक अद्भुत शक्ति होती है। राखी का त्योहार केवल भाई-बहन का पर्व नहीं बल्कि देशप्रेम का भी प्रतीक है। इसमें जहां बहन भाई की रक्षा का वचन लेती है, वहीं हम सभी अपने देश की रक्षा करने का भी संकल्प लेते हैं कि अपनी जान देकर भी देश की सुरक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जवान आज अपने घरों से दूर हैं और यहां आई हुई बहनों से राखी बंधवाकर खुश हैं।

वहीं, स्कूल के बच्चों और शिक्षकों ने भी बॉर्डर पर बीएसएफ जवानों को राखी बांधकर उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों ने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत खुशी हुई कि उन्होंने आज देश की रक्षा करने वाले जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी वजह से ही हम चैन की नींद सोते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.