चन्दौली : पी०डी०डी०यू० जंक्शन पर 18 किलो चांदी के गहने जब्त, दो युवक गिरफ्तार। वाराणसी से बिहार ले जा रहे थे खेप…

  • रिपोर्ट: सुकेश पांडेय

चंदौली, उत्तर प्रदेश : पी०डी०डी०यू० जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आर०पी०एफ०) और राजकीय रेलवे पुलिस (जी०आर०पी०) की संयुक्त टीम ने बुधवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। स्टेशन पर गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया, जिनके पास से 18 किलो से अधिक चांदी के गहने बरामद हुए। इस संबंध में कोई दस्तावेज न दिखा पाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और गहनों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।

आर०पी०एफ० निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जी०आर०पी० निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 9 बजे सुरक्षा टीम फुटओवर ब्रिज पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान दो युवक पिट्ठू बैग और झोला लिए हुए दिखाई दिए। संदेह होने पर जब उनकी तलाशी ली गई तो झोले से चांदी के जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिलीप कुमार और चंदन कुमार वर्मा बताई। दोनों निवासी डुमरांव, बक्सर, बिहार के हैं। उन्होंने बताया कि वे ये जेवरात वाराणसी से बिहार ले जा रहे थे, लेकिन इस संबंध में कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाए।

आयकर विभाग को सौंपी गई जांच

बरामद किए गए 19 पैकेटों में चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी जैसे जेवरात थे। इनका कुल वजन 18.89 किलो था, जिसका अनुमानित मूल्य 10 लाख 95 हजार 562 रुपये है। आर०पी०एफ० ने इसकी सूचना तत्काल आयकर विभाग, वाराणसी को दी। सूचना मिलते ही सहायक आयकर निदेशक उत्सव पांडेय के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। टीम बरामद जेवरात और दोनों आरोपियों को अपने साथ वाराणसी ले गई। अब इस मामले में आगे की जांच आयकर विभाग की टीम ही करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.