हरियाणा सरकार ने कलेक्टर रेट बढाकर आम आदमी की पहुंच से दूर किया प्रॉपर्टी खरीदना: हैरीसन विलियम

ऐलनाबाद, 1 अगस्त( एम पी भार्गव ) यूथ कांग्रेस हरियाणा के जिला मिडिया प्रभारी सिरसा हैरिसन विलियम ने कहा कि नए कलेक्टर रेट लागू होने से आम आदमी के लिए प्रोपर्टी खरीदना मुश्किल हो गया है। यह सब भाजपा सरकार की कुनीतियों की देन है।
अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विलियम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कलेक्टर रेट में 25 से लेकर 117 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। कलेक्टर रेट में की गई इस बेतहाशा वृद्धि से आम आदमी की आर्थिक रूप से कमर टूटना तय है। उन्होंने कहा कि पहले ही मंहगाई के इस दौर में आम आदमी जैसे तैसे अपना जीवन बसर कर रहा है। जिसके पास खुद का घर नहीं है, वह पाई पाई जोडक़र यही सपना देखता है कि एक दिन उसका भी आशियाना बनेगा, मगर भाजपा सरकार नहीं चाहती कि आम आदमी के घर का सपना साकार हो।
उन्होंने आगे कहा कि कलेक्टर रेट बढ़ाने की बजाए सरकार को चाहिए था कि वह विभिन्न विभागों में खुलेआम जारी भ्रष्टाचार पर प्रभावी ढंग से नकेल कसती। विकास कार्यों के लिए भेजा गया पैसा डकारने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों से रिकवरी करती, तो सरकार को जनता पर आर्थिक बोझ डालने की जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा सरकार को जमीनी स्तर पर इस बात का पता ही नहीं कि आम जनमानस कितने मुश्किल दौर से गुजर रहा है। अब सरकार ने कलेक्टर रेट बढ़ाकर जनता की परेशानी और बढ़ा दी है। इसके लिए जनता सरकार को कतई माफ नहीं करेगी। पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी, काले कृषि कानून आदि सरकार की हरेक नीति ने जनता को गहरे जख्म दिए हैं। भाजपा के इन 11 सालों के शासन में प्रदेश बहुत पीछे चला गया है। हैरानी की बात यह है कि नए कलेक्टर रेट आज 1 अगस्त से लागू हुए हैं और तहसीलों में 3 दिन पहले ही रजिस्ट्रियां बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे व तानाशाही शासन का अंत नजदीक आ गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.