रामपुर थाना शाहबाद: आर्थिक लाभ के लिए लिंग परिवर्तन कर रचाई झूठी कहानी, पीड़िता के पति समेत दो अभियुक्त गिरफ्तार

रामपुर: थाना शाहबाद क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें आर्थिक लाभ के उद्देश्य से लिंग परिवर्तन कर झूठी कहानी गढ़ते हुए अन्य लोगों को फंसाने का प्रयास किया गया। इस मामले में पुलिस ने वादिनी के पति समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि पहले नामजद किए गए दो निर्दोषों को जांच के बाद क्लीनचिट दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को एक महिला की ओर से थाना शाहबाद में तहरीर दी गई थी कि उसका पति डांस पार्टी में रुबीना नामक महिला के साथ काम करता है। 26 जून को जब उसका पति रुबीना के साथ डांस करने आँवला (बरेली) जा रहा था, तो शाहबाद चौराहे पर रुबीना व उसके पति विकास उसे अपने घर ले गए और जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। आरोप था कि बेहोशी की हालत में उसका लिंग परिवर्तन कर दिया गया। 4 दिन बाद होश आने पर महिला के पति ने उसे इसकी सूचना दी और मामला थाना शाहबाद में मु.अ.सं. 183/2025 धारा 123/118(2) बीएनएस के तहत दर्ज कराया गया।

पुलिस ने शुरुआती जांच में नामजद आरोपियों रुबीना व विकास को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की, लेकिन जल्द ही मामले ने नया मोड़ ले लिया। आरोपी बनाए गए रुबीना और विकास के परिजनों ने नामजदगी को झूठा बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देश पर मामले की गहराई से विवेचना की गई।

जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। असल में वादिनी का पति सुनील उर्फ भूरा उर्फ राजकुमार उर्फ सपना, निवासी ग्राम कमालपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर ने अपने साथी अय्यूब अली उर्फ मुस्कान किन्नर निवासी पहाड़पुर लालपुर, थाना टांडा, जनपद रामपुर एवं गंगाराम उर्फ अरविंद, निवासी ग्राम जटपुरा, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।

इन लोगों ने दिल्ली स्थित श्री बालाजी अस्पताल में “गंगाराम” के नाम से फर्जी आधार कार्ड, शपथपत्र आदि दस्तावेज प्रस्तुत कर आर्थिक लाभ (किन्नरों के क्षेत्र में अधिकार पाने) के उद्देश्य से स्वेच्छा से लिंग परिवर्तन कराया। इसके बाद पत्नी और परिवार को अंधेरे में रखकर झूठी कहानी गढ़ते हुए रुबीना और विकास को झूठा फंसाया।

पुलिस जांच में यह पूरी साजिश उजागर हो गई और असली आरोपी सुनील उर्फ सपना, अय्यूब उर्फ मुस्कान और गंगाराम उर्फ अरविंद के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू की गई है। साथ ही रुबीना और विकास की नामजदगी को गलत पाते हुए उन्हें मुकदमे से मुक्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक रामपुर ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.