धमकी के बाद भाजपा नेता SGPC अध्यक्ष से मिले, बोले– धर्मस्थलों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को तैयार

अमृतसर। स्वर्ण मंदिर को ईमेल के ज़रिए मिल रही लगातार धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) के अध्यक्ष से मुलाकात करने अमृतसर पहुँचे।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए श्वेत मलिक ने कहा कि पंजाब में अपराध चरम पर पहुंच गया है। लूटपाट, हमलों और अब धार्मिक स्थलों को बम धमकी देना राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का साफ संकेत है।

उन्होंने बताया कि भाजपा हाईकमान ने इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लिया है और इसी कारण उन्हें SGPC अध्यक्ष से मिलने के लिए भेजा गया है। उन्होंने SGPC को आश्वासन दिया कि भाजपा धर्मस्थलों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी और जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।

श्वेत मलिक ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतना संवेदनशील मामला होने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, न ही कोई मंत्री SGPC कार्यालय पहुँचा है।

उन्होंने कहा, “सचखंड श्री हरमंदिर साहिब दुनिया भर के सिखों की आस्था का केंद्र है और इस तरह की धमकियाँ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पंजाब सरकार की निष्क्रियता चिंता का विषय है। भाजपा इसके खिलाफ सख्त कदम उठाएगी और शिरोमणि कमेटी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.