‘हम एकता मंच’ की मासिक बैठक सम्पन्न, मास्टर फिरोज़ को मिली राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफ़ीक़ ख़ां के नेतृत्व में हाउस टैक्स-वॉटर टैक्स बढ़ोत्तरी पर रणनीति, तालीम को लेकर हुई व्यापक चर्चा
रामपुर। सामाजिक संगठन हम एकता मंच की मासिक बैठक, राष्ट्रीय कार्यालय, बिलासपुर गेट, रामपुर में सम्पन्न हुई, जिसमें संगठन के विस्तार और जनहित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक की खास बात यह रही कि प्रसिद्ध समाजसेवी मास्टर फिरोज खान ने अपने तमाम साथियों के साथ हम एकता मंच की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफ़ीक़ ख़ां की संस्तुति पर उन्हें संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में मुख्य रूप से दो अहम मुद्दों—शिक्षा के प्रचार-प्रसार और नगर पालिका द्वारा टैक्सों में की गई भारी वृद्धि—को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा एक मजबूत समाज की नींव है और इसे हर घर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के गरीब व मध्यमवर्गीय तबके को तालीम से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसी के साथ नगर पालिका द्वारा हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स में 100 गुना तक की वृद्धि को जनविरोधी और अव्यावहारिक बताया गया। संगठन ने इसे गरीब विरोधी नीति करार देते हुए इसका विरोध करने का ऐलान किया। तय किया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से भेंट कर इस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग करेगा। बैठक में कहा गया कि रामपुर एक गरीब तबके की आबादी वाला शहर है, जहां के लोग इतनी भारी टैक्स वृद्धि का बोझ नहीं उठा सकते।
बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष नादिरा खान बबलू ने की। इस अवसर पर मास्टर जुबैर अली खान, मंसूर मियां, अज़ीम खान, मास्टर दाईम साहब, डॉक्टर शोएब साहब, साकिर खान, सुजात खान, मंजू खान, अब्दुल्ला खान सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन जनहित में संगठित प्रयासों के संकल्प के साथ किया गया। ‘हम एकता मंच’ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर वह किसी भी स्तर तक संघर्ष करेगा और अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा।
