Five police personnel retired: सिरसा पुलिस से सेवानिवृत्त 5 पुलिस कर्मचारियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह ।
सेवानिवृत्त कर्मी समाज हित के कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लें : डीएसपी सुखबीर सिंह ।
Five police personnel retired ( एम पी भार्गव ): सिरसा जिला पुलिस लाइन स्थित प्रशासनिक भवन में बुधवार को सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिसकर्मियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में डीएसपी सुखबीर सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी मौजूद रहे।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने कहा कि पुलिस की नौकरी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने निजी सुख-दुख से ऊपर उठकर समाज और विभाग के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का अंत है, लेकिन समाज के प्रति जिम्मेदारियों का नहीं। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी आगे भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहकर अपना योगदान दे सकते हैं।
समारोह के दौरान ई/उप निरीक्षक ओम प्रकाश, भीरा राम, विजय सिंह, मंगत राम व बाला राम सहित पांच सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। डीएसपी ने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी ऐसी कार्यशैली के साथ करनी चाहिए, जिसकी पहचान लंबे समय तक लोगों के बीच बनी रहे।
इस अवसर पर जिला कल्याण निरीक्षक अनिल सोढ़ी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अकाउंटेंट राजेंद्र सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे।
