Jethuwal firing incident: जेठूवाल के पास गुज्जरों के डेरे पर आधी रात अंधाधुंध फायरिंग, परिवार बाल-बाल बचा

सो रहे परिवार पर चलीं गोलियां, फायरिंग से इलाके में दहशत; पुलिस ने शुरू की जांच

Jethuwal firing incident: अमृतसर के जेठूवाल के पास स्थित गुज्जरों के एक डेरे पर बीती आधी रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अचानक फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सहमे हुए हैं, वहीं पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी देते हुए पीड़ित मोहम्मद दीन ने बताया कि रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच अज्ञात हमलावरों ने डेरे को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। उस समय घर के अंदर उनका भतीजा फारूक, उसकी माता और भाभी मौजूद थे।

मौके पर मौजूद युवक फारूक ने बताया कि अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी तो वे डर के मारे जमीन पर लेट गए और किसी ने भी बाहर निकलने की हिम्मत नहीं की। उसने बताया कि उन्होंने दो-तीन फायरों की आवाज साफ सुनी, जबकि बाहर से और भी फायरिंग की गई थी।

पीड़ित परिवार ने बताया कि अंधेरा होने और डर के कारण वे हमलावरों की पहचान या उनके वाहन के बारे में कुछ नहीं देख सके। परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं है।

परिवार के सदस्यों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि गोली किसी व्यक्ति को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।

दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे थाना कंबो के पुलिस अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि जेठूवाल के पास फारूक के गुज्जरों वाले डेरे पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया है।

पुलिस द्वारा मौके से जरूरी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर कानून के अनुसार बनती सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कितने राउंड फायर किए गए और हमलावर कौन थे, यह जांच का विषय है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े आगे के विवरण साझा किए जाएंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.