टपूकड़ा: विधायक महंत बाबा बालक नाथ योगी ने किया जनसंवाद, बोले – जनता के हर सुख-दुख में सरकार साथ

तिजारा विधानसभा क्षेत्र के टपूकड़ा में शनिवार को विधायक महंत बाबा बालक नाथ योगी ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।

विधायक बालक नाथ योगी ने ततारपुर, बनवीरपुर, हुसींगपुर, शाहपुर, सलारपुर, राबडका, धामावास, करमसीवास, महेशरा, खुशखेड़ा, कारोली, कमालपुर, लाडमका, धीरियावास, करमपुर और बुरहेड़ा सहित कई गांवों में पहुंचकर जनसंपर्क कार्यक्रम किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “तिजारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। राजस्थान सरकार जनता के हर सुख-दुख में साथ खड़ी है।”

उन्होंने कहा कि एक साधु के रूप में उन्होंने पहले से ही धर्म और जनसेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया था और अब राजनीति में आने के बाद यह जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ गई है। “जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के कारण क्षेत्र की अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान संभव हो पा रहा है,” उन्होंने कहा।

विधायक ने क्षेत्र में शिक्षा, सुरक्षा, सड़क, सफाई, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

महंत बालक नाथ योगी ने जानकारी दी कि कल 13 जुलाई को सुबह वे अलवर स्थित बाबा मस्तनाथ जनसेवनम् भवन में उपस्थित रहेंगे, जहां वे आगंतुकों से भेंट कर जन समस्याएं सुनेंगे और समाधान की दिशा में कार्य करेंगे।

विधायक के दौरे से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया और लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर उनके समक्ष रखीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.