बरसाती पानी की निकासी के लिए लाखों रुपए खर्च करके बनाएं गए चैंबर हुए बेकार
लोगों का पालिका प्रशासन के विरुद्ध गहरा रोष
ऐलनाबाद, 3 जुलाई ( एम पी भार्गव ) आम लोगों को सुविधाएं देने के नाम पर सरकार द्वारा लाखों करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं लेकिन संबंधित विभाग की अनदेखी व लापरवाही के कारण खर्च किए गए यह पैसे मिट्टी में मिलते हुए नजर आते हैं और सुविधा के नाम पर किया गया ऐसा खर्च कई बार लोगों के लिए असुविधा पैदा कर देता है। ऐसा ही एक उदाहरण ऐलनाबाद के देवीलाल चौक से लेकर थाना रोड पर देखने को मिल रहा है, जहां कुछ समय पहले बरसाती पानी की निकासी के लिए चैंबर बनाए गए थे लेकिन अब इन चैंबरों की हालत यह है कि यह मिट्टी व कचरे से भर चुके हैं और इनके ऊपर किसी प्रकार की कोई भी जाली व ढक्कन आदि नहीं है । अब यह चैंबर इस रोड का बरसाती पानी निकलने से पूरी तरह से असमर्थ नजर आते हैं क्योंकि मिट्टी से भरें होने के कारण पानी की निकासी इनमें नहीं हो रही है परन्तु संबंधित विभाग व नगर पालिका का इसकी और बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। अब यह चैंबर लोगों को सुविधा देने की बजाय असुविधा में डालते हुए नजर आते हैं। अब बरसाती मौसम शुरू होने वाला है और जब यहां बरसाती पानी इकट्ठा होता है तो यह चैंबर बिल्कुल भी दिखाई नहीं देते और इनमें मोटरसाइकिल, कार व किसी अन्य व्हीकल के टायर आदि फस कर किसी हादसे को निमंत्रण दे सकते है। स्थानीय दुकानदारों का भी कहना है कि बरसाती मौसम में यह चैंबर किसी हादसे का कारण भी बन सकते हैं। इसलिए इन चैंबरों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए अगर नहीं दुरुस्त किया जाता तो उनको पूरी तरह से बंद किया जाए ताकि बरसाती मौसम में किसी प्रकार का कोई नुकसान ना हो। इन चैंबर को देखकर एक बड़ा सवाल यह भी पैदा होता है कि आखिर यहां पर खर्च किया गया लोगों का पैसा क्या काम आया या फिर यह अधिकारियों की जेब गर्म करने तक ही सीमित हो गया।
