बेलखरिया के पूरा की सफाई और नाली की समस्या पर नगर पालिका अध्यक्ष से समाधान की मांग

बेलखरिया, 24 जून — बेलखरिया के पूरा मोहल्ले में सफाई और नाली की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासी रवि यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

रवि यादव ने बताया कि मोहल्ले में वर्षों से नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे कूड़ा-कचरा और गंदगी का अंबार लग गया है। वहीं, नालियों की सफाई न होने से जलभराव और बदबू फैल रही है। इससे न सिर्फ लोगों का जीवन दूभर हो गया है, बल्कि मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

रवि यादव ने यह भी बताया कि नगर पालिका द्वारा पहले पानी की समस्या का समाधान किया गया था, जिससे हर घर में पानी पहुंचने लगा है। इसके लिए उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष के प्रति आभार भी जताया।

अब निवासियों की मांग है कि नगर पालिका अधिकारी व कर्मचारी सफाई और नाली व्यवस्था में भी सुधार करें, ताकि मोहल्ले के लोग स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में जीवन जी सकें।

रवि यादव ने अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस दिशा में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाया जाए, जिससे बेलखरिया के पूरा को साफ-सुथरा और स्वास्थ्यकर बनाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.