मिलक शाबाद में पूर्व जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू जाटव ने गिनाईं पीएम मोदी की 11 साल की उपलब्धियां, बाबा साहब को सम्मान देने के प्रयासों को बताया ऐतिहासिक
मिलक शाबाद, रामपुर | 15 जून: ग्राम पंचायत क्रिमचा के खेड़ा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू जाटव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है, जिसमें न केवल विकास हुआ है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को भी गौरव और सम्मान मिला है।
कार्यक्रम में हंसराज जाटव ने कहा, “बाबा साहब अंबेडकर ने देश को संविधान दिया, लेकिन आज़ादी के बाद उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचतीर्थ की स्थापना कर बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि दी।” उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के मऊ में भव्य स्मारक बनाया गया है और अब हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
हंसराज जाटव ने आगे बताया कि इंग्लैंड के उस भवन को, जहां बाबा साहब ने पढ़ाई की थी और जिसे वहां की सरकार बेचने जा रही थी, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत सरकार द्वारा खरीदवाकर उसे भव्य स्मारक में तब्दील कराया। छात्रावास और स्कॉलरशिप की व्यवस्था की गई। दिल्ली में सांस्कृतिक केंद्र तथा नागपुर की दीक्षा भूमि पर स्मारक का निर्माण भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “पहले भी कई सरकारें आईं, लेकिन किसी ने बाबा साहब के गौरव के अनुरूप काम नहीं किया। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुआ कि समाज को जोड़ने और दिव्य संतों के बताए मार्ग पर चलने की दिशा में ठोस पहल हुई है।”
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शुकतीर्थ के सनातन इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में कोई अन्य मजहब या पंथ इतना प्राचीन और स्थायी नहीं है जितना भारत का सनातन धर्म। यह एकता, सुरक्षा, उत्थान और आत्मबल का प्रतीक है।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दर्शन सिंह लोधी, कपिल गुप्ता, दीपक चंद्रा, सुनील कुमार चौहान, भारत सिंह, प्रवेश वाल्मीकि, प्रदीप जाटव, अरुण कुमार लोधी, हर्षवरूप सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
